जयपुर के पॉश इलाके में फ्लैट पर कब्जे का आरोप, 40 दिन बाद दर्ज हुई FIR; पीड़ित ने लगाया भूमाफियाओं पर लूट का आरोप
जयपुर के मानसरोवर में फ्लैट का ताला तोड़कर सामान निकालने और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। बजाज नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की
राजधानी जयपुर के पॉश इलाके मानसरोवर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मानसरोवर डीसीपी कार्यालय से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान की लूट की गई और बाद में उस पर जबरन कब्जा कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, जोधपुर निवासी पारसमल सुराणा ने गोपालपुरा बाइपास स्थित एक फ्लैट खरीदा था। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दबंग भूमाफियाओं ने फ्लैट के ताले तोड़कर अंदर रखा सामान निकाल लिया और बाद में फ्लैट पर अवैध कब्जा कर लिया।

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने बजाज नगर थाना पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि करीब 40 दिनों तक पुलिस थाने के चक्कर लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जयदीप मिर्धा नामक व्यक्ति ने फ्लैट पर कब्जा किया है। उनका दावा है कि जयदीप मिर्धा युवा कांग्रेस का पदाधिकारी है और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का करीबी माना जाता है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कब्जा और लूट के आरोपों में कितनी सच्चाई है तथा इस मामले में किसकी भूमिका सामने आती है।

समाचार में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के दावों पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

