Gold Silver Price Today: सोना ₹2,440 और चांदी ₹5,300 महंगी, जानें आज के ताजा रेट और तेजी की वजह
Gold Silver Price Today: घरेलू बाजार में सोना ₹2,440 और चांदी ₹5,300 महंगी हुई। जानें 28 जुलाई 2026 के ताजा गोल्ड-सिल्वर रेट और तेजी की वजह।
Gold Silver Price Today: घरेलू सर्राफा बाजार में सप्ताह की शुरुआत तेज़ी के साथ हुई। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, सोमवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,440 रुपये महंगा होकर 1,49,640 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत 5,300 रुपये बढ़कर 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, कमजोर अमेरिकी डॉलर, ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में गिरावट और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से कीमती धातुओं को मजबूती मिली है।
सोना और चांदी के नए भाव
अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,47,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो अब बढ़कर 1,49,640 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं चांदी 2,24,700 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
क्यों बढ़ीं सोने-चांदी की कीमतें?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। इससे महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुई हैं और निवेशकों का रुझान एक बार फिर सोने की ओर बढ़ा है। इसके अलावा कमजोर अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में कमी ने भी बुलियन बाजार को समर्थन दिया। हालांकि, भारतीय रुपये की मजबूती के कारण घरेलू बाजार में तेजी कुछ हद तक सीमित रही।
कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष कायनात चैनवाला ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में अस्थायी कमी आने के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिससे सोना और चांदी दोनों में खरीदारी देखने को मिली।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 42.13 अमेरिकी डॉलर यानी 1.04 फीसदी बढ़कर 4,095.30 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 1.47 फीसदी की बढ़त के साथ 59.04 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,100 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।
निवेशकों को किन बातों पर रखनी चाहिए नजर?
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रणव मेर के मुताबिक, आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया की स्थिति, यूरोजोन, जापान और अमेरिका के महंगाई आंकड़े, जीडीपी डेटा, अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास सूचकांक और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों पर निवेशकों की नजर रहेगी। इसके अलावा फेडरल रिजर्व, बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक ऑफ जापान की मौद्रिक नीति से जुड़े फैसले भी सोने और चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे

