लोहावट में दिल दहला देने वाली वारदात: घर के बाहर सो रही महिला की गला रेतकर हत्या, मां को बचाने दौड़ीं बेटियां भी चाकूबाजी में घायल

फलोदी के लोहावट में घर के बाहर सो रही महिला की चाकू से हत्या। बचाने पहुंचीं दोनों बेटियां घायल, बड़ी बेटी की हालत गंभीर।

लोहावट में दिल दहला देने वाली वारदात: घर के बाहर सो रही महिला की गला रेतकर हत्या, मां को बचाने दौड़ीं बेटियां भी चाकूबाजी में घायल

राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जंभेश्वरनगर गांव में देर रात घर के बाहर सो रही एक महिला की अज्ञात हमलावर ने चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी। मां की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचीं दोनों बेटियों पर भी हमलावर ने हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गईं। बड़ी बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया है।

देर रात वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, जंभेश्वरनगर निवासी गंगाविशन विश्नोई की पत्नी भंवरी विश्नोई (32) सोमवार रात अपने घर के आंगन में दोनों बेटियों के साथ सो रही थीं। रात करीब एक बजे अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और महिला के गले पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां को बचाने पहुंचीं बेटियां

मां की चीख सुनकर पास में सो रही उनकी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय सोनू जाग गईं। दोनों ने हमलावर को रोकने की कोशिश की और उससे भिड़ गईं। इस दौरान आरोपी ने दोनों बच्चियों पर भी चाकू से हमला कर दिया।

हमले में बड़ी बेटी रामज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। वहीं छोटी बेटी सोनू का उपचार लोहावट के अस्पताल में जारी है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।

ट्रक चालक है मृतका का पति

पुलिस ने बताया कि मृतका का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। उसे वारदात की सूचना दे दी गई है। उसके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आरोपी की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी या अन्य किसी कारण की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही अज्ञात हमलावर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।