अब पेट्रोल पंप पर मिलेगा 5 किलो का 'छोटू सिलेंडर', एड्रेस प्रूफ की भी जरूरत नहीं !

अब बिना एड्रेस प्रूफ के सिर्फ आधार या अन्य वैध आईडी दिखाकर 5 किलो का छोटू LPG सिलेंडर खरीदा जा सकेगा। तेल कंपनियों की नई सुविधा से प्रवासी मजदूरों, छात्रों और अकेले रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

अब पेट्रोल पंप पर मिलेगा 5 किलो का 'छोटू सिलेंडर', एड्रेस प्रूफ की भी जरूरत नहीं !

राजस्थान सहित पूरे देश में रसोई गैस उपभोक्ताओं, विशेष रूप से प्रवासी मजदूरों, छात्रों और अकेले रहने वाले कामगारों के लिए राहत की बड़ी खबर है। तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) ने आमजन की सुविधा के लिए अब पेट्रोल पंपों, अधिकृत खुदरा किराना दुकानों और स्थानीय वितरकों पर 5 किलो का 'छोटू सिलेंडर' आसानी से उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को राहत देना है जिनके पास स्थानीय पते का कोई प्रमाण पत्र नहीं होता और वे भारी-भरकम कागजी कार्रवाई के कारण गैस कनेक्शन लेने से कतराते हैं। 

बिना एड्रेस प्रूफ के सिर्फ ID दिखाते ही मिलेगा कनेक्शन -

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए किसी स्थानीय निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। कोई भी नागरिक केवल अपना एक वैध पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड) दिखाकर काउंटर से सीधे नया छोटू सिलेंडर खरीद सकता है। यह पूरी तरह से फ्री ट्रेड एलपीजी मॉडल पर आधारित है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चक्कर काटने और लंबी प्रतीक्षा सूची से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।

रीफिलिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम -

तेल विपणन कंपनियों के अनुसार, सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इन सिलेंडरों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यह सिलेंडर लीक-प्रूफ और उठाने में बेहद हल्के हैं, जिससे इन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाना आसान है। खाली होने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी किसी भी अधिकृत पेट्रोल पंप, इंडेन या अन्य डिस्ट्रीब्यूटर पॉइंट पर जाकर खाली सिलेंडर देकर तुरंत दूसरा भरा हुआ सिलेंडर ले सकेंगे।

कम बजट और आपातकाल के लिए बेहतरीन विकल्प -

बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम उन छोटे कामगारों और कम आय वर्ग वाले परिवारों के लिए बेहद मददगार साबित होगा, जो एक साथ 14.2 किलो का बड़ा और महंगा घरेलू सिलेंडर खरीदने में असमर्थ हैं। इसके अलावा, जिन घरों में अचानक बड़ा घरेलू सिलेंडर खत्म हो जाता है, उनके लिए भी यह 'छोटू सिलेंडर' एक बेहतरीन और तत्काल मिलने वाले बैकअप विकल्प के रूप में काम करेगा।

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ी, नई रेट लागू -

राजस्थान में आमजन को महंगाई का फिर झटका लगा है। तेल-गैस कंपनियों ने घरेलू उपयोग के सिलेंडर की कीमतों में देर रात बढ़ोतरी की है, जिसे रविवार से लागू किया गया है। रिव्यू की गई कीमतों में 14 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर पर 29 रुपए की बढ़ोतरी की है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया- कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं, जिसकी नई रेट लिस्ट जारी की है। नई रेट लिस्ट के मुताबिक, जयपुर में रविवार से 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर 916.50 के बजाए 945.50 रुपए में बाजार में मिलेंगे। वहीं 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर 341.50 के बजाए 352 रुपए में मिलेंगे। जबकि 10 किलोग्राम वाले कम्पोजिट सिलेंडर (प्लास्टिक बॉडी वाले) 655 रुपए के बजाए 675 रुपए में मिलेंगे। सिलेंडरों की कीमतों की गई यह बढ़ोतरी लागू कर दी गई है।