मार्च में ही ‘जलने’ लगा बाड़मेर, 38.8°C पहुंचा तापमान; जानिए क्यों बढ़ रही भयंकर गर्मी
राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। कई शहरों में तापमान 35°C के आसपास पहुंच गया, जबकि बाड़मेर में पारा 38.8°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।
राजस्थान में इस बार मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। खासकर पश्चिमी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में दर्ज की गई, जहां पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
जयपुर समेत कई शहरों में 35 डिग्री के आसपास तापमान
राज्य के कई बड़े शहरों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है।
जयपुर, अजमेर, चूरू और उदयपुर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि रात के समय मौसम में अभी भी ठंडक बनी हुई है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
- सभी जिलों में आसमान साफ रहा
- तेज धूप के साथ कुछ शहरों में दोपहर में हल्की गर्म हवा चली
- उदयपुर, श्रीगंगानगर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर, चूरू, बीकानेर और अजमेर में अधिकतम तापमान 35°C के आसपास या उससे ऊपर दर्ज
- सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में, जहां तापमान 38.8°C रिकॉर्ड हुआ
अरब सागर में बने एंटी-साइक्लोन से बढ़ रही गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में गर्मी बढ़ने के पीछे मुख्य वजह अरब सागर में बना एंटी-साइक्लोन सिस्टम है।
इस सिस्टम में हवाएं घड़ी की दिशा में घूमते हुए ऊपर से नीचे की ओर तेजी से आती हैं, जिससे हाई प्रेशर बनता है। इसके कारण आसमान साफ रहता है और सूरज की तेज किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ जाता है।
पाकिस्तान से होकर राजस्थान में आ रही गर्म हवाएं
विशेषज्ञों के मुताबिक अरब सागर में बने इस सिस्टम की वजह से हवाएं घूमकर पाकिस्तान की तरफ से होते हुए सीधे राजस्थान में प्रवेश कर रही हैं। इसके कारण राजस्थान के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी तापमान बढ़ रहा है।
Saloni Kushwaha 
