उदयपुर-बांसवाड़ा हाईवे पर चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, यात्री ने कूदकर बचाई जान
सलूंबर जिले में उदयपुर-बांसवाड़ा हाईवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित। शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस जांच जारी।
राजस्थान के सलूंबर जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब उदयपुर-बांसवाड़ा हाईवे पर चल रही एक स्लीपर कोच बस अचानक आग का गोला बन गई। घटना झल्लारा थाना क्षेत्र के पास हुई, जहां बस में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बस बांसवाड़ा से उदयपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे के आसपास बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। चालक और स्टाफ की सूझबूझ से सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी भयानक थी कि बस का सिर्फ लोहे का ढांचा ही बच पाया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना के चलते हाईवे पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में क्रेन की मदद से जली हुई बस को हटाकर रास्ता सुचारू किया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने एक बार फिर यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Saloni Kushwaha 
