राजस्थान में फिर बदला मौसम का मिजाज, 24 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई शहरों में 6 डिग्री तक लुढ़का पारा
जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के पट सुबह 4 बजे मंगला झांकी के साथ खुलेंगे और रात 10:30 बजे तक करीब 13 घंटे श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के दर्शन होंगे, जबकि मध्यरात्रि में जन्मोत्सव और अभिषेक होगा।
राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिसके बाद मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 24 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को इन जिलों में हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सवाई माधोपुर, बारां, भरतपुर, धौलपुर, अलवर और करौली में तेज बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में बारिश का आंकड़ा 2 इंच तक पहुंच गया। भरतपुर जिले के उच्चैन में सबसे ज्यादा 54 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा बूंदी, बारां, कोटा, दौसा और जयपुर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के चलते कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया, वहीं कुछ जगहों पर सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भरतपुर-धौलपुर में जलभराव
तेज बारिश का सबसे ज्यादा असर भरतपुर और धौलपुर में दिखाई दिया। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को जलभराव की स्थिति से गुजरना पड़ा।
बारिश के साथ बदला तापमान
मानसून की सक्रियता का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। बादल छाने और बारिश होने के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अलवर, भीलवाड़ा, कोटा और करौली में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया।
गुरुवार को कोटा में दिन का अधिकतम तापमान सबसे कम 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं श्रीगंगानगर 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
आज भी कई संभागों में बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से बने नए सिस्टम के प्रभाव से शुक्रवार को भी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं कोटा और भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
6 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार नए मौसम तंत्र के प्रभाव से राजस्थान में बारिश का सिलसिला 6 सितंबर तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने से तापमान में राहत मिल सकती है। बारिश के चलते गर्मी और उमस से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

