जयपुर में हिट एंड रन का एक और मामला, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर; एक की मौत
जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हिट-एंड-रन के इस मामले में आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया, पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में हिट-एंड-रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार युवक मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार घटना करधनी थाना क्षेत्र की एक सड़क पर हुई, जहां मनोज अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालक की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Saloni Kushwaha 
