किसान पर भालू का हमला, गंभीर रूप से घायल, हॉस्पिटल में भर्ती
अजमेर जिले के ब्यावर उपखंड के पुनेरा गांव में उस समय दहशत फैल गई जब शौच करने जा रहे एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में किसान बुरी तरह घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में राजकीय अमृतकौर अस्पताल, ब्यावर में भर्ती कराया गया है।
अजमेर जिले के ब्यावर उपखंड के पुनेरा गांव में उस समय दहशत फैल गई जब शौच करने जा रहे एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में किसान बुरी तरह घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में राजकीय अमृतकौर अस्पताल, ब्यावर में भर्ती कराया गया है।
झाड़ियों में छिपा था भालू
घटना जवाजा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय किसान जालम सिंह सुबह खेत की रखवाली करने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में झाड़ियों के पीछे भालू छिपा बैठा था, जिसने अचानक किसान पर हमला कर दिया। भालू ने किसान का हाथ पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया। किसी तरह जालम सिंह पहली बार भालू के पंजे से बचकर भाग निकला, लेकिन भालू ने उसका पीछा कर फिर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों ने मचाया शोर, भालू भागा जंगल की ओर
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को भगाया। बताया जा रहा है कि भालू के साथ उसका बच्चा भी मौजूद था। ग्रामीणों के पहुंचने पर दोनों घने जंगलों की ओर भाग गए। घायल किसान को तुरंत अमृतकौर हॉस्पिटल, ब्यावर ले जाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से इलाके में भालू और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। आए दिन इन जानवरों के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की मांग की है। वन नाका अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

