अंता विधानसभा उपचुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन, सभी प्रत्याशी लगा रहे आखिरी दम
अंता विधानसभा उपचुनाव में आज प्रचार का अंतिम दिन है। शाम 5 बजे के बाद चुनावी प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार आज दिनभर मतदाताओं को रिझाने में पूरी ताकत झोंकेंगे।
जयपुर। अंता विधानसभा उपचुनाव में आज प्रचार का अंतिम दिन है। शाम 5 बजे के बाद चुनावी प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार आज दिनभर मतदाताओं को रिझाने में पूरी ताकत झोंकेंगे।
भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अंता में भव्य रोड शो करेंगे। इस रोड शो में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल रहेंगे। भाजपा ने रोड शो को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं और इसे ऐतिहासिक बनाने का दावा किया है।
रोड शो अजीतपुरा बालाजी से दोपहर 12.30 बजे प्रारंभ होगा और सीएडी चौराहा होते हुए ब्रह्मपुरी बालाजी तिराहे तक निकलेगा। पूरे मार्ग पर पुष्पवर्षा और स्वागत द्वार बनाए गए हैं। विशेष रूप से सजाया गया रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा। महिला और युवा कार्यकर्ता अग्रिम पंक्ति में शामिल होंगे।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज रोड शो करेंगे। दूसरी ओर, निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा भी अपने जनसंपर्क में जुटे हुए हैं।
अंता विधानसभा में इस बार त्रिकोणीय मुकाबले ने चुनावी समीकरणों को उलझा दिया है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि अंतिम दिन का यह शक्ति प्रदर्शन मतदाताओं के रुझान पर असर डाल सकता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के लिए यह उपचुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

