लड़कियों के हैरतअंगेज करतब, गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर उमड़ा सैलाब
गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रीगंगानगर शहर में सोमवार को विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। नगर कीर्तन में सिख संगत के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी शामिल हुए।
श्रीगंगानगर। गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रीगंगानगर शहर में सोमवार को विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। नगर कीर्तन में सिख संगत के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की विशेष झांकी में सिख युवतियों ने गटका (तलवारबाज़ी) के ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाए कि देखने वालों की आंखें थम गईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी इन बालिकाओं ने अपनी फुर्ती और साहस से दर्शकों का दिल जीत लिया। शहर की प्रमुख सड़कों पर जब नगर कीर्तन गुज़रा, तो दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठी।

शहर के गुरुद्वारों और सड़कों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। नगर कीर्तन में सिख धर्म की शिक्षाओं पर आधारित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं। आयोजकों ने बताया कि मुख्य धार्मिक कार्यक्रम कल से गुरुद्वारा श्री नानक दरबार साहिब में आरंभ होंगे, जिनमें कीर्तन दरबार, कथा-प्रवचन, लंगर सेवा और सामूहिक अरदास आयोजित की जाएगी।
4 और 5 नवंबर को होंगे मुख्य आयोजन
4 नवंबर को सुबह श्री निशान साहिब की चोला बदलने की सेवा और शाम को बच्चों की शब्द गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा। विजेताओं को 5 नवंबर को होने वाले मुख्य समागम में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे और कथा वाचक गुरु महिमा का प्रकाश करेंगे।सभी कार्यक्रमों में गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा, और जिलेभर के गुरुद्वारों में विशेष आयोजन होंगे।

