Jodhpur DJ Rural Court Bomb Threat: ईमेल से कोर्ट को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
जोधपुर के डीजे ग्रामीण कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट परिसर की तलाशी ली, फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जोधपुर में एक बार फिर अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इस बार ईमेल के जरिए डीजे ग्रामीण कोर्ट जोधपुर को उड़ाने की धमकी दी गई।
धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायिक कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट भवन, परिसर और आसपास के इलाके में चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली।
तलाशी में अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
तलाशी अभियान के दौरान कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी के पीछे किसका हाथ है।
Saloni Kushwaha 
