PM आवास के बाहर कांग्रेस का हंगामा, राहुल गांधी और अखिलेश यादव हिरासत में; कई विपक्षी नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। पेपर लीक मामले में पीएम और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहा।
Delhi Protest: पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास के पास चल रहे विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया। राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पुलिस ने धरना स्थल से हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने कई अन्य विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई की।
प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। प्रदर्शनकारी "प्रधानमंत्री इस्तीफा दो" और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन की तैयारी बेहद गोपनीय तरीके से की थी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेता कांग्रेस अध्यक्ष के आवास से प्रधानमंत्री आवास तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। मीडिया को इसकी जानकारी तब मिली जब नेता प्रदर्शन स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंच चुके थे।
प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी सहित प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत की। उन्होंने नेताओं से धरना समाप्त करने और स्थिति सामान्य बनाने की अपील की, लेकिन विपक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

