हाईवे पर बस बनी आग का गोला चंद मिनटों में कोयला बनी स्लीपर कोच, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

सलूंबर के झल्लारा थाना क्षेत्र में चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, पूरी बस जलकर राख। ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित, हाईवे पर दो घंटे जाम।

हाईवे पर बस बनी आग का गोला चंद मिनटों में कोयला बनी स्लीपर कोच, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

राजस्थान के सलूंबर जिला के झल्लारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बांसवाड़ा से उदयपुर जा रही एक चलती स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर राख हो गई।

यह घटना बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर गरडा गांव के पास सुबह करीब 6 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सामान्य रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में सवार ड्राइवर, क्लीनर और अन्य यात्रियों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में बस पूरी तरह आग का गोला बन गई और अंत में केवल लोहे का ढांचा ही बचा।

2 घंटे तक हाईवे पर जाम, दमकल ने पाया काबू

हादसे की सूचना मिलते ही झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से दोनों तरफ का ट्रैफिक रुकवा दिया। आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय स्तर पर उसे बुझाना संभव नहीं था। इसके बाद सलूंबर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया।

दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी। इस दौरान हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।