Jaipur Crime: पड़ोसी युवक ने नाबालिग छात्रा को धमकाकर किया ब्लैकमेल, रेप के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

जयपुर में 25 वर्षीय पड़ोसी युवक पर नाबालिग स्कूल छात्रा का यौन शोषण करने और धमकी देकर ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने का आरोप है। शिकायत के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

Jaipur Crime: पड़ोसी युवक ने नाबालिग छात्रा को धमकाकर किया ब्लैकमेल, रेप के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

जयपुर में पड़ोसी युवक द्वारा नाबालिग स्कूल छात्रा का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 25 वर्षीय युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने कमरे पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर पीड़िता को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा और उससे रुपए भी ऐंठे।

मामले में नाबालिग की मां की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने दबिश देकर गुरुवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दादा के घर रहने आई थी नाबालिग

डीसीपी के अनुसार, जयपुर निवासी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। स्कूल की छुट्टियों के दौरान परीक्षा देने के बाद नाबालिग अपने दादा के घर रहने आई थी।

इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाला 25 वर्षीय पड़ोसी युवक उससे बातचीत करने लगा। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने कमरे पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे धमकाया।

धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल

पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों तक नाबालिग को धमकाकर अपने कमरे पर बुलाता रहा। विरोध करने पर उसे गाली-गलौच करने और बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि इसी तरह ब्लैकमेल कर आरोपी ने उससे रुपए भी ऐंठे।

नाबालिग के घर लौटने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

FIR की जानकारी मिलते ही फरार हुआ आरोपी

पुलिस में मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी अपना कमरा खाली कर फरार हो गया। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल करवाने के साथ उसके बयान दर्ज किए और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। गुरुवार रात पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।