भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का डोटासरा को करारा जवाब, अल्बर्ट हॉल क्यों, विधानसभा में करें बहस
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया है।
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया है। राठौड़ ने डोटासरा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास पूर्व कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों से तुलना करने लायक कोई ठोस तथ्य हैं, तो अल्बर्ट हॉल जैसे सार्वजनिक स्थल की बजाय प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत यानी विधानसभा में बहस करें।
राठौड़ ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह करूंगा कि विधानसभा सत्र के दौरान एक पूरा दिन कांग्रेस के 5 साल के शासन और भाजपा सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल पर बहस के लिए आवंटित किया जाए।" उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग राज्य की जनता के 5 अमूल्य वर्ष आपसी कलह और लड़ाई में बर्बाद कर चुके हैं, वे आज जनता के हित में काम कर रही भाजपा सरकार के खिलाफ झूठी बातें परोस रहे हैं और विधानसभा में बहस से भाग रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 2 वर्षों में सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इनमें पानी के महत्वपूर्ण समझौते, ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, युवाओं को रोजगार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास शामिल हैं। सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
राठौड़ ने कांग्रेस शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि उस दौरान राजस्थान महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला अत्याचार, साम्प्रदायिक दंगे और साइबर अपराध जैसे मामलों में देश में नंबर-1 बन गया था। आज भाजपा सरकार ने जनता को कांग्रेस के इन काले कारनामों से मुक्ति दिलाई है। सरकार ने सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई की, दोषियों को सजा दिलाई और सभी वर्गों को राहत देने वाली नीतियां बनाईं। मात्र 2 वर्षों में ही इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलताएं मिली हैं।
यह बयान राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक जुबानी जंग को और तेज करने वाला है।

