NEET और पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा विरोध, आज काले कपड़ों में संसद पहुंचेंगे सभी सांसद

NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। आज सभी कांग्रेस सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचेंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

NEET और पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा विरोध, आज काले कपड़ों में संसद पहुंचेंगे सभी सांसद
Rahul Gandhi

Congress Protest on NEET Paper Leak: नीट परीक्षा में कथित धांधली और देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज करने का फैसला किया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि आज कांग्रेस के सभी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचेंगे और संसद परिसर के भीतर तथा बाहर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। इस कदम को मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस का कहना है कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने में नाकाम रही है। कांग्रेस का मानना है कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर मामला है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सांसदों ने इस मुद्दे पर एकजुट होकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचने के जरिए पार्टी छात्रों के साथ अपनी एकजुटता दिखाना चाहती है और सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनाएगी। संसद के दोनों सदनों में भी विपक्ष इस मुद्दे पर जोरदार चर्चा की मांग कर सकता है।