राजस्थान में इबोला का पहला संदिग्ध मामला! युगांडा से आई महिला आइसोलेशन में, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
राजस्थान में पहली बार इबोला वायरस का संदिग्ध मामला सामने आया है। युगांडा से आई एक विदेशी महिला को जयपुर के RUHS Hospital में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
राजस्थान में पहली बार इबोला वायरस के संदिग्ध संक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। युगांडा से घूमने आई एक विदेशी महिला में इबोला जैसे लक्षण पाए जाने पर उसे जयपुर के RUHS अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल महिला की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला में कुछ ऐसे लक्षण दिखाई दिए हैं जो इबोला संक्रमण से मेल खाते हैं। हालांकि अभी तक संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के लिए महिला के सैंपल पुणे की विशेष लैब भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
RUHS अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि केवल लक्षणों के आधार पर इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं की जा सकती। एहतियात के तौर पर मरीज को आइसोलेशन में रखा गया है और सभी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
संदिग्ध मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि विश्व स्तर पर इबोला वायरस के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए भारत सरकार ने भी प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी बढ़ाने और विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
फिलहाल राजस्थान में यह केवल एक संदिग्ध मामला है और अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
Saloni Kushwaha 
