सवाई मानसिंह अस्पताल में दर्दनाक घटना, सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग से कूदकर मरीज ने दी जान
राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग में भर्ती एक मरीज ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
जयपुर। राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग में भर्ती एक मरीज ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हंसराज जाट, निवासी टोंक जिला के रूप में हुई है। वह किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उत्पन्न जटिलताओं के चलते अस्पताल में भर्ती था।
छठी मंजिल से लगाई छलांग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर SMS अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हंसराज ने अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग की छठी मंजिल से छलांग लगाई। वह पिछले 2–3 दिनों से अस्पताल में भर्ती था।
दो महीने पहले हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग के सुपरिटेंडेंट डॉ. नचिकेत व्यास ने बताया कि हंसराज का करीब दो महीने पहले किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया था। कुछ समय तक उसकी किडनी सामान्य रूप से काम कर रही थी, लेकिन हाल के दिनों में अचानक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ गई थीं, जिसके कारण उसे दो-तीन दिन पहले ही दोबारा भर्ती किया गया था।
मानसिक स्थिति सामान्य बताई गई
ट्रॉमा सेंटर के डॉ. धनंजय ने बताया कि हंसराज के व्यवहार में किसी तरह का असामान्य बदलाव नजर नहीं आया था और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य थी। घटना के तुरंत बाद उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन परिस्थितियों में मरीज ने यह कदम उठाया।

