राजस्थान निकाय चुनाव में आज दिग्गजों की वोटिंग, CM भजनलाल से दीया कुमारी तक जानें कौन कहां डालेगा वोट
राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर समेत 147 शहरी निकायों में मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दीया कुमारी, मदन राठौड़ समेत कई बड़े नेता आज अलग-अलग मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे।
राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में आज मतदान हो रहा है। जयपुर नगर निगम समेत प्रदेश के 147 शहरी निकायों में मतदाता अपने वार्ड के पार्षद चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। चुनावी मैदान में आम मतदाताओं के साथ प्रदेश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत कई वरिष्ठ नेता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन नेताओं की वोटिंग पर भी चुनावी माहौल के बीच नजर रहेगी।
CM भजनलाल शर्मा सुबह 10 बजे डालेंगे वोट
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह करीब 10 बजे गेटोर-जगतपुरा स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर पहुंचकर जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए मतदान करेंगे।
वहीं राज्यपाल हरिभाऊ बागडे सुबह 9:30 बजे केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे।
दीया कुमारी से राज्यवर्धन राठौड़ तक जयपुर में मतदान
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सुबह 8:30 बजे जयपुर के वार्ड 141 में सिटी पैलेस स्थित बूथ नंबर 10 पर मतदान करेंगी।
कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी सुबह 8:30 बजे वार्ड 28 के भाग संख्या 13 स्थित गुरुकुल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालेंगे।
जयपुर सांसद मंजू शर्मा सुबह 7:30 बजे वार्ड 76 के महावीर नगर स्थित आर्किड्स सेंट्रल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में मतदान करेंगी।
सतीश पूनिया और अरुण चतुर्वेदी भी डालेंगे वोट
पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया सुबह 10 बजे वार्ड 34 के राणी सती नगर स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल में मतदान करेंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी सुबह 10:15 बजे वार्ड 90 के विवेक विहार स्थित सेंट डून स्कूल में वोट डालेंगे।
बीजेपी सांसद घनश्याम तिवाड़ी सुबह 10:30 बजे वार्ड 90 के श्याम नगर स्थित माई ओन स्कूल में मतदान करेंगे।
विधायक कालीचरण सराफ सुबह 8:15 बजे टोंक रोड स्थित जय जवान कॉलोनी के आदर्श विद्या मंदिर में वोट डालेंगे।
मदन राठौड़ सुमेरपुर में करेंगे मतदान
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में नहीं, बल्कि सुमेरपुर के वार्ड 35 में मतदान करेंगे। वह तख्तगढ़ रोड स्थित जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में भाग संख्या 36 पर वोट डालेंगे।
बीजेपी महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सुबह 8:15 बजे जयपुर के वार्ड 30 के बूथ नंबर 428, वैशाली नगर स्थित टीपीएस स्कूल में मतदान करेंगे।
वहीं बाल मुकुंदाचार्य महाराज जयपुर के वार्ड 26 में बूथ नंबर 9, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, हाथोज में मतदान करेंगे।
‘पहले मतदान फिर जलपान’ का संदेश
निकाय चुनाव के दूसरे चरण में ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए बीजेपी ने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से ‘पहले मतदान फिर जलपान’ का संदेश दिया है। अब देखना होगा कि बड़े नेताओं की बूथ पर मौजूदगी और उनकी मतदान अपील का असर वोटिंग प्रतिशत पर कितना दिखाई देता है।
दूसरे चरण में 6 नगर निगम समेत कुल 147 निकायों में मतदान हो रहा है। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को सामने आएंगे।

