जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद का बड़ा आरोप, बोले- 'खान सर और कारोबारी ने मिलकर कराई मेरे भाई की हत्या'

खान ग्लोबल स्टडीज विवाद मामले में जमानत पर रिहा हुए रौशन आनंद ने भाई प्रिंस यादव की मौत को साजिश बताया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, नार्को टेस्ट और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद का बड़ा आरोप, बोले- 'खान सर और कारोबारी ने मिलकर कराई मेरे भाई की हत्या'
Raushan anand sir

पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में हुए बवाल और तोड़फोड़ मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद सोमवार को जेल से बाहर आ गए। जमानत मिलने के बाद बेउर जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया के सामने कई गंभीर आरोप लगाए और अपने भाई प्रिंस यादव की मौत को साजिश करार दिया।

रौशन आनंद को 2 जून की रात हुए विवाद के बाद 3 जून को गिरफ्तार किया गया था। करीब 12 दिनों तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद उन्हें अदालत से जमानत मिली और सोमवार दोपहर वे जेल से रिहा हुए।

भाई की मौत को बताया सुनियोजित साजिश

जेल से बाहर आने के बाद रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर उनके भाई की हत्या करवाई है।

रौशन ने कहा, "जब मैं बाहर था तब मेरे भाई को कोई नुकसान नहीं हुआ। जैसे ही मुझे जेल भेजा गया, उसके बाद साजिश रचकर उसकी जान ले ली गई। यह पूरी घटना संदेह पैदा करती है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।"

नार्को टेस्ट की मांग

रौशन आनंद ने खान सर पर निशाना साधते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में गोलीबारी को लेकर गलत बयान दिए गए और बाद में सामने आए वीडियो ने अलग कहानी बयां की।

उन्होंने कहा, "फैजल खान लगातार झूठ बोल रहे हैं। सच सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट होना चाहिए। हमें सरकार और न्यायालय पर पूरा भरोसा है कि हमारे साथ न्याय होगा।"

पटना पुलिस पर भी उठाए सवाल

रौशन आनंद ने पटना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बेहद कम समय में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं हुई।

उनका कहना था कि, "मुझे सिर्फ छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन फैजल खान के खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसा लगता है कि उन्हें कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है।"

'न्याय मिलने तक घर नहीं जाऊंगा'

रौशन आनंद ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य अपने भाई को न्याय दिलाना है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने भाई की मौत की जांच और न्याय की लड़ाई पर है। इसी कारण उन्होंने यह भी कहा कि न्याय की लड़ाई पूरी होने तक वे घर नहीं जाएंगे।

नेपाल के होटल में हुई थी प्रिंस यादव की मौत

गौरतलब है कि रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके चेहरे और आंख के ऊपर चोट के निशान पाए गए थे, जिसके बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।

नेपाल पुलिस ने इस मामले में प्रिंस यादव के साथ मौजूद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।