प्रदेश में बारिश के साथ फिर ठंड लौटने के आसार
भोपाल | भारत में एक बार फिर से मौसम के बिगड़ने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। मध्यप्रदेश में बारिश के साथ एक बार फिर ठंड लौट सकती है। यह वे आॅफ बंगाल में बन रहे ईर्स्टनली ट्रफ के कारण होगी।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि इसके कारण मध्यप्रदेश में नमी आएगी। इसके कारण 17 फरवरी से लेकर 19 फरवरी के बीच प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 फरवरी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में देखने को मिलेगा। हालांकि अभी दिन और रात के तापमान में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
न्यूनतम तापमान 16 के पार पहुंचा
प्रदेश में अब गर्मी ज्यादा बढ़ने लगी है। यही कारण है कि शनिवार-रविवार की रात न्यूनतम तापमान कई जगह 16 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा होशंगाबाद में 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद इंदौर और भोपाल में यह 16-16 डिग्री रहा। रात का सबसे कम तापमान रीवा में 9.6 और उमरिया में 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सभी जगह रात का पारा 10 से लेकर 16 डिग्री के मध्य बना रहा।
सामान्य से ऊपर पहुंचा रात का तापमान
प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश के 20 जिलों में यह सामान्य से 0 से लेकर 4 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं सात जिलों में यह सामान्य से कम रहा। इस दौरान यह सिर्फ शून्य से लेकर 0.5 डिग्री तक ही नीचे आया। दिन के तापमान की बात की जाए तो यह प्रदेश में भी सामान्य से ज्यादा ही रहा। सिर्फ नरसिंगपुर में यह सामान्य से करीब 2 डिग्री नीचे आया।