राजस्थान में LPG पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने निकाली सिलेंडर की ‘अर्थी’

Jaipur के चांदपोल इलाके में रसोई गैस की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान Amin Kagzi भी मौजूद रहे और सरकार पर गैस सप्लाई प्रभावित होने का आरोप लगाया।

राजस्थान में LPG पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने निकाली सिलेंडर की ‘अर्थी’

राजस्थान में रसोई गैस की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीति तेज हो गई है। प्रदेशभर में कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की। जयपुर के चांदपोल इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि सिलेंडर बुक कराने में लोगों को दिक्कत आ रही है और कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करे।

विरोध प्रदर्शन में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ विधायक अमीन कागजी भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान है।

वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।