काल’ बनकर लौटा जहरीला सांप! दंपति की जान लेने के बाद फिर उसी खाट पर पहुंचा, ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला
राजस्थान के बाड़मेर जिले के फागलिया गांव में करैत सांप के डंसने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय बेटे की जान बच गई। हैरानी की बात यह रही कि अगली रात वही सांप फिर उसी कमरे में दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे मार डाला।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा क्षेत्र के फागलिया गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक जहरीले करैत सांप ने पहले एक दंपति और उनके मासूम बेटे को डंस लिया, जिसमें पति-पत्नी की मौत हो गई। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, अगली रात वही सांप फिर उसी कमरे और उसी खाट के नीचे दिखाई दिया, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ था।
सांप को देखते ही घर में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से उसे मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस वाकये को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
इस दुखद घटना के बीच राहत की खबर परिवार के 5 वर्षीय बेटे विकास को लेकर आई। सांप के डंसने के बाद उसकी हालत भी गंभीर हो गई थी, लेकिन परिजनों ने उसे तुरंत जोधपुर एम्स पहुंचाया। डॉक्टरों ने समय रहते इलाज शुरू किया और एंटी-वेनम की मदद से उसकी जान बचा ली। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन और ग्रामीण इस बात से दुखी हैं कि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद दंपति की जान भी बच सकती थी। वहीं, मासूम विकास अभी इस बात से अनजान है कि उसने अपने माता-पिता को हमेशा के लिए खो दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सांप के काटने के बाद तुरंत और सही इलाज की आवश्यकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

