शिव क्षेत्र में दर्दनाक घटना 4 महीने की मेहनत आग में खाक
Barmer के शिव थाना क्षेत्र में आग लगने से किसान की 4 महीने की मेहनत जलकर खाक। नकदी, जेवर और सामान सहित लाखों का नुकसान।
बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के बधड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां किसान राणाराम भील की कड़ी मेहनत कुछ ही पलों में राख हो गई। जानकारी के अनुसार, राणाराम भील के खेत पर बने ट्यूबवेल के पास एक कच्चा झोपड़ा बना हुआ था, जिसमें अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि झोपड़े में रखा करीब 6 लाख रुपये नकद, साथ ही सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए।
पीड़ित किसान राणाराम भील ने बताया कि वे खेती का कार्य करते हैं और चार महीने की कड़ी मेहनत के बाद उनकी फसल तैयार हुई थी। हाल ही में उन्होंने अपनी उपज को गुजरात की मंडी में बेचकर जो रकम प्राप्त की थी, उसे उन्होंने खेत पर बने झोपड़े में सुरक्षित रख दिया था। लेकिन अचानक आग लगने से सारी नकदी और कीमती सामान जलकर खत्म हो गया।
किसान ने बताया कि खेती के लिए उन्होंने ब्याज पर पैसे उधार लिए थे और फसल बिकने के बाद मिलने वाली राशि से वह कर्ज चुकाने की तैयारी में थे। लेकिन इस हादसे ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है, क्योंकि उनकी चार महीने की मेहनत और उम्मीदें एक ही झटके में राख हो गईं।
घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं किसान ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
Saloni Kushwaha 
