Jammu Kashmir Rain: पुंछ में भारी बारिश-बाढ़ से मची तबाही, 10 की मौत, कई घर ढहे, राहत-बचाव अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और सेना राहत-बचाव कार्य में जुटी है। जानें ताजा अपडेट।
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा तबाही पुंछ जिले में देखने को मिली, जहां अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और कुछ के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और सेना की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
पुलस्त्य नदी में बाढ़, दुकानें और वाहन बह गए
भारी बारिश के कारण पुंछ जिले की पुलस्त्य नदी उफान पर आ गई। तेज बहाव में दो दुकानें, एक आटा चक्की और एक वाहन सर्विस स्टेशन बह गया। सर्विस स्टेशन में खड़े कई वाहन भी बाढ़ के पानी में बह गए। कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
मकान गिरने से युवक समेत कई लोगों की मौत
सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में भारी बारिश के दौरान एक मकान ढह गया, जिसमें 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई और कई लोग मलबे में फंस गए। इसके अलावा नूना बांडी गांव में भी मकान गिरने से एक महिला की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए।
प्रशासन के अनुसार अब तक सुरनकोट क्षेत्र में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं। वहीं हवेली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
सड़कें बंद, कई घरों को नुकसान
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते पुंछ जिले के अधिकांश सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। हवेली क्षेत्र में कम से कम सात घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मंडी क्षेत्र से भी संपत्ति को बड़े नुकसान की खबर है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं और कहा कि वे स्वयं स्थिति का जायजा लेने जम्मू लौटेंगे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिए निर्देश
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी वरिष्ठ अधिकारियों से हालात की जानकारी ली और बताया कि राजौरी तथा पुंछ में प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक राहत कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त इलाकों में मरम्मत कार्य तेज करने और सभी आपातकालीन टीमों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

