फलोदी की हवेली में बड़ी चोरी: 1 किलो सोना और 100 किलो चांदी लेकर फरार हुए चोर, इलाके में सनसनी
खीचन गांव की एक हवेली में बड़ी चोरी, चोर करीब 1 किलो सोना और 100 किलो चांदी लेकर फरार। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
फलोदी थाना क्षेत्र के खीचन गांव स्थित एक हवेली में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर हवेली से करीब एक किलो सोना और लगभग 100 किलो चांदी के कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, पदचिह्न और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। हवेली मालिक के भतीजे वैभव गुलेच्छा ने फलोदी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, घर की मालकिन निर्मला देवी सुबह करीब 7 से 7:30 बजे गुरुदेव महाराज के यहां से लौटीं तो हवेली के कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारियों और संदूकों के ताले तोड़कर सोने की तलवार, दो सोने की कटार, दो सोने के कड़े, करीब 10 अंगूठियां, पांच बालियां, सोने के बटन और आठ सोने की चूड़ियां सहित करीब एक किलो सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
चोर सिर्फ सोने तक ही नहीं रुके, बल्कि चांदी की करीब 10 किलो की पेटी, चार चांदी के गिलास, 100 चांदी के सिक्के, चांदी के खिलौने, छह चांदी के लोटे और एक बड़ी चांदी की थाली सहित करीब 100 किलो चांदी भी लेकर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, इससे पहले भी आसपास की हवेलियों और मकानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस इन मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे चोरों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हवेली का मालिक किसी काम से चेन्नई गया हुआ था। घर पर उसकी मां अकेली थीं, जो बुधवार शाम हवेली को ताला लगाकर गुरुदेव महाराज के यहां गई थीं। इसी दौरान चोरों ने जंगला तोड़कर हवेली में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया।
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Saloni Kushwaha 
