चलती ट्रेन में जज की पत्नी की मौत, वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

सफर के दौरान अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत। Rajkumar Chauhan की पत्नी उषा चौहान वॉशरूम में अचेत मिलीं, शुरुआती जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई गई।

चलती ट्रेन में जज की पत्नी की मौत, वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

भगत की कोठी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा की यात्रा कर रहे थे। दोनों अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने फोन पर अपने पति को बताया कि वे वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।

इधर ट्रेन चित्तौड़गढ़ स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान पत्नी का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी समय तक उनके नहीं लौटने पर उन्हें चिंता हुई। आशंका होने पर उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। सबसे पहले मंदसौर स्टेशन पर ट्रेन रोककर वॉशरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका। बाद में रतलाम जिले के जावरा स्टेशन पर ट्रेन को रोककर दरवाजा तोड़ा गया।

दरवाजा खुलने पर उषा चौहान अंदर अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में उनकी मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है। घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।