Rajasthan Transfer News: शिक्षा विभाग में 7 हजार से ज्यादा तबादले, पहली बार बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर को गृह जिले जाने का मौका

राजस्थान शिक्षा विभाग ने 7,000 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। ग्रेड सेकेंड शिक्षक, BCI, पीटीआई और लाइब्रेरियन की ट्रांसफर सूची जारी। जानें TA-DA नियम, जॉइनिंग और नए निर्देश।

Rajasthan Transfer News: शिक्षा विभाग में 7 हजार से ज्यादा तबादले, पहली बार बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर को गृह जिले जाने का मौका

राजस्थान सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। विभाग की ओर से अलग-अलग आदेश जारी कर 7 हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। सबसे अधिक तबादले जयपुर संभाग में हुए हैं। इस सूची में ग्रेड सेकेंड शिक्षक, पीटीआई, लाइब्रेरियन, वरिष्ठ लैब असिस्टेंट और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर (BCI) शामिल हैं।

इस बार पहली बार बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टरों का एक संभाग से दूसरे संभाग में भी स्थानांतरण किया गया है, जिसे विभाग का बड़ा प्रशासनिक फैसला माना जा रहा है।

स्वयं आवेदन करने वालों को नहीं मिलेगा ट्रांसफर भत्ता

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने स्वयं आवेदन देकर तबादला कराया है, उन्हें शपथ पत्र देना होगा कि वे यात्रा भत्ता (TA), दैनिक भत्ता (DA) या अन्य किसी प्रकार के स्थानांतरण भत्ते का दावा नहीं करेंगे। वहीं जिन कर्मचारियों का तबादला विभागीय स्तर पर बिना आवेदन के किया गया है, उन्हें नियमानुसार भत्ते का लाभ मिलेगा।

देर रात जारी हुई हजारों शिक्षकों की सूची

मंगलवार देर रात विभाग ने करीब 5 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों की तबादला सूची जारी की। इनमें सबसे अधिक ग्रेड सेकेंड शिक्षक, बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर और लाइब्रेरियन शामिल रहे। बुधवार को बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टरों की अलग सूची जारी की गई। इसके अलावा राज्यभर के 138 जिला शिक्षा अधिकारियों के तबादले किए गए, जबकि 2,153 ग्रेड सेकेंड शिक्षकों को एक संभाग से दूसरे संभाग में नियुक्त किया गया।

प्रोबेशन और ट्राइबल क्षेत्र के मामलों में फिलहाल रोक

शिक्षा विभाग ने कहा है कि जिन शिक्षकों का नाम स्थानांतरण सूची में है लेकिन वे अभी प्रोबेशन अवधि में हैं, उन्हें फिलहाल नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जाएगा। इसी तरह अनुसूचित जनजाति (ट्राइबल) क्षेत्र से गैर-ट्राइबल क्षेत्र या गैर-ट्राइबल क्षेत्र से ट्राइबल क्षेत्र में किए गए स्थानांतरण भी फिलहाल प्रभावी नहीं होंगे।

10 दिन में जॉइनिंग के निर्देश

स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को नई तैनाती वाले स्थान पर 10 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी सेवानिवृत्त कर्मचारी या सेवा समाप्त हो चुके व्यक्ति का नाम गलती से सूची में शामिल हो गया है तो ऐसे आदेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

पहली बार BCI को मिला गृह जिले में पोस्टिंग का अवसर

इस तबादला प्रक्रिया की सबसे खास बात बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टरों को मिली राहत रही। नियुक्ति के बाद अलग-अलग जिलों में कार्यरत कई बीसीआई को पहली बार अपने गृह जिले में तैनाती का अवसर मिला है। विभाग ने जिला स्तर पर अलग सूची जारी करने के साथ 437 बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टरों का एक संभाग से दूसरे संभाग में भी स्थानांतरण किया है। इससे लंबे समय से गृह जिले में पोस्टिंग की मांग कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।