खानपुर में अनोखी शादी दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से, देखने उमड़ी लोगों की भीड़
Kalbelia Community में पहली बार दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। Khanpur क्षेत्र में हुई इस अनोखी शादी में बड़ी संख्या में लोग हेलीकॉप्टर से हुई विदाई देखने पहुंचे। दूल्हा Rajasthan पुलिस में चयनित बताया जा रहा है।
राजस्थान के खानपुर उपखंड क्षेत्र में एक अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। घुमंतु कालबेलिया समाज में पहली बार दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। इस खास पल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग हेलीपैड पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर की व्यवस्था पर करीब साढ़े आठ लाख रुपये खर्च किए गए।
जानकारी के अनुसार नयागांव (कालबेलिया टापरिया) निवासी रोहित जोगी की बारात रायपुर तहसील के सोयली गांव पहुंची थी, जहां उनका विवाह आरती के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ। शादी के बाद शुक्रवार को दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से खानपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान दूल्हे के माता-पिता और बड़े भाई भी हेलीकॉप्टर में साथ रहे।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर खानपुर के पास डुंडी गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। हेलीकॉप्टर के पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ दूल्हा-दुल्हन का जोरदार स्वागत किया और फूल बरसाकर खुशियां मनाईं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी विदाई को देखने पहुंचे।
दूल्हे के बड़े भाई विजय कुमार जोगी ने बताया कि कालबेलिया समाज में राजस्थान स्तर पर यह पहली शादी है, जिसमें दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर लाया गया है। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और यह संदेश देना है कि कालबेलिया समाज भी अब शिक्षा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रहा है।
बताया जा रहा है कि दूल्हा रोहित जोगी का हाल ही में राजस्थान पुलिस में चयन हुआ है। किसान परिवार से आने वाले रोहित के घरवालों का सपना था कि वह अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से घर लाए, जो अब पूरा हो गया।
Saloni Kushwaha 
