जयपुर में फर्जी खेल प्रमाण-पत्र से नौकरी का खुलासा, स्पैलिंग मिस्टेक से पकड़ा गया पूरा खेल

Rajasthan में Taekwondo के फर्जी प्रमाण-पत्रों के जरिए Rajasthan Third Grade Teacher Recruitment 2022 में नौकरी हासिल करने का बड़ा घोटाला सामने आया है। एक स्पेलिंग मिस्टेक से पूरे फर्जी नेटवर्क का खुलासा हुआ,

जयपुर में फर्जी खेल प्रमाण-पत्र से नौकरी का खुलासा, स्पैलिंग मिस्टेक से पकड़ा गया पूरा खेल

राजस्थान में सरकारी नौकरी से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस बार मामला ताइक्वांडो खेल के फर्जी प्रमाण-पत्रों के जरिए थर्ड ग्रेड टीचर की नौकरी हासिल करने का है। जांच में चौंकाने वाली बात यह रही कि इतने बड़े फर्जी नेटवर्क का खुलासा एक छोटी सी स्पैलिंग मिस्टेक से हुआ।

मामला तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2022 से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों ने ताइक्वांडो के नकली सर्टिफिकेट बनवाकर भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त फायदा लिया और नौकरी हासिल कर ली। जब शिक्षा विभाग को भेजे गए प्रमाण-पत्र सत्यापन ई-मेल की जांच की गई तो उसमें “Secretary” शब्द की स्पैलिंग गलत लिखी मिली। इसी गलती ने अधिकारियों को शक में डाल दिया और आगे की जांच में पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

जांच में पता चला कि ताइक्वांडो फेडरेशन के नाम से कुल 39 अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए ई-मेल भेजे गए थे। बाद में पता चला कि ये ई-मेल असली नहीं थे, बल्कि फर्जी आईडी से भेजे गए थे। तकनीकी जांच में सामने आया कि ये मेल भारत से नहीं बल्कि विदेश से भेजे गए थे।

पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि दुबई में बैठे विमलेंदु कुमार झा नाम के व्यक्ति ने ये फर्जी ई-मेल भेजे थे। ताइक्वांडो फेडरेशन से पूछताछ करने पर पता चला कि उनके संगठन में इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। पुलिस ने इस मामले में विमलेंदु के सहयोगी रवि शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मामले के खुलासे के बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। फलौदी, जोधपुर, जालोर, बीकानेर, हनुमानगढ़, भीलवाड़ा, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुनूं, नागौर और बालोतरा सहित कुल 14 जिलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 19 अभ्यर्थियों समेत कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 तारीख तक रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।