सीकर पहुंचे एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरकार पर साधा निशाना
Vinod Jakhar राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार Sikar पहुंचे। National Students' Union of India के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग उठाई।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ पहली बार सीकर पहुंचे, जहां उन्होंने सांगलिया धूणी में दर्शन कर संतों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद रामू का बास बाईपास पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें 51 किलो की माला पहनाकर, साफा और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
छात्रसंघ चुनाव को बताया राजनीति की पहली सीढ़ी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद जाखड़ ने छात्रसंघ चुनाव के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं के लिए राजनीति में प्रवेश की पहली सीढ़ी होते हैं, लेकिन सरकारें इन चुनावों से बच रही हैं। उनका आरोप था कि सरकारें जानती हैं कि चुनाव होने पर युवा उनसे सवाल करेंगे और कई मुद्दों पर जवाब मांगेंगे।
राजस्थान में चुनाव करवाने के लिए आंदोलन की चेतावनी
जाखड़ ने कहा कि कर्नाटक में छात्रसंघ चुनाव शुरू हो चुके हैं और राजस्थान में भी चुनाव करवाने के लिए एनएसयूआई आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा।
इन मुद्दों पर भी आंदोलन की बात
उन्होंने कहा कि शिक्षा बजट में कटौती, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और शैक्षणिक संस्थानों में बढ़ते राजनीतिक हस्तक्षेप जैसे मुद्दों पर भी एनएसयूआई देशभर में आंदोलन करेगी।
इस दौरान कार्यक्रम में युवा नेत्री ऋतु बराला, महेश चौधरी, राजेंद्र गोरा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश झीगर, मुकेश तारपुरा सहित कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Saloni Kushwaha 
