ओमान में ड्रोन हमले में राजस्थान के युवक की मौत, सीकर के अगलोई गांव में छाया मातम
Sikar जिले के Khandela क्षेत्र के अगलोई गांव के 22 वर्षीय Vikram Verma की Oman में ड्रोन हमले में मौत हो गई। युवक हाल ही में रोजगार के लिए विदेश गया था, घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजस्थान के एक युवक की विदेश में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार Sikar जिले के खंडेला क्षेत्र के अगलोई गांव निवासी 22 वर्षीय विक्रम वर्मा की Oman में ड्रोन हमले में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कुछ दिन पहले ही काम के लिए गया था विदेश
बताया जा रहा है कि विक्रम वर्मा रोज़गार की तलाश में कुछ दिन पहले ही ओमान गया था। वह 23 फरवरी को एक निर्माण कंपनी में काम पर लगा था। इसी बीच क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए और ड्रोन हमले के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना से एक दिन पहले ही विक्रम ने अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी और वहां बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई थी। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह बातचीत उसकी आखिरी होगी।
चार दिन बाद गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
घटना की सूचना उसी कंपनी में काम कर रहे एक रिश्तेदार ने परिवार को दी। चार दिन बाद जब विक्रम का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे अगलोई गांव में मातम छा गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। हर आंख नम थी और लोग परिवार को सांत्वना देते नजर आए।
परिवार का इकलौता सहारा था विक्रम
मृतक के चाचा के अनुसार विक्रम परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। घर में उसके माता-पिता बीमार रहते हैं और तीन बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो अभी छोटी हैं।
परिजनों ने बताया कि परिवार पहले से कर्ज में था और विक्रम की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
Saloni Kushwaha 
