बाड़मेर में शराबी कार चालक का कहर, बाइक सवार को मारी टक्कर

Barmer में सिंधरी चौराहे के पास नशे में स्विफ्ट कार चालक ने बाइक को मारी टक्कर। यातायात पुलिस ने मौके पर पकड़कर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की, कार जब्त।

बाड़मेर शहर के किसान बोर्डिंग हाउस के पास स्थित यातायात पुलिस चौकी के नजदीक एक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आज दोपहर सेवा सदन के पास सिंणधरी चौराहे की ओर जाने वाली पुलिया पर एक स्विफ्ट कार चालक ने आगे चल रहे बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि कार चालक शराब के नशे में था। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद यातायात पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल व अन्य जवानों ने आरोपी चालक को पकड़कर चौकी पर लाया, जहां ब्रेथ एनालाइजर से उसकी जांच की गई। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद कार को जब्त कर चौकी में खड़ा करवा दिया गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन बाइक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं स्विफ्ट कार को भी साइड से नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी बाधित रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन और शराब के नशे में ड्राइविंग करने वालों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।