चौमूं नगर निकाय चुनाव:- BJP ने तेज की टिकट चयन प्रक्रिया, 'जिताऊ और समर्पित' उम्मीदवार पर दांव, पैनल जाएंगे प्रदेश कार्यालय

चौमूं नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव संचालन समिति की बैठक में वार्डवार फीडबैक, टिकट चयन और चुनावी मैनेजमेंट की रणनीति पर मंथन हुआ।

चौमूं नगर निकाय चुनाव:- BJP ने तेज की टिकट चयन प्रक्रिया, 'जिताऊ और समर्पित' उम्मीदवार पर दांव, पैनल जाएंगे प्रदेश कार्यालय

नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर चौमूं में भाजपा अब टिकट चयन से लेकर चुनावी मैनेजमेंट तक की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है। खादी बाग रोड स्थित भाजपा कार्यालय में चुनाव संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। बैठक में भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा और नगर परिषद चुनाव प्रभारी सुमन शर्मा ने संचालन समिति के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।

हर वार्ड में 'जिताऊ और समर्पित' चेहरे पर दांव

रामलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा नगर परिषद चुनाव में पूरी मजबूती और योजनाबद्ध रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्येक वार्ड में जिताऊ और पार्टी के प्रति समर्पित उम्मीदवार को प्रत्याशी बनाने पर जोर रहेगा। रामलाल शर्मा ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत के दम पर भाजपा चौमूं नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी।

वार्डों की रिपोर्ट तैयार, अब बनेगा प्रत्याशियों का पैनल

चुनाव प्रभारी सुमन शर्मा ने बताया कि वार्डों में नियुक्त किए गए प्रभारी और सह-प्रभारी अपना काम पूरा कर रिपोर्ट सौंप चुके हैं। अब चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले आवेदनों के आधार पर संभावित प्रत्याशियों के पैनल तैयार किए जाएंगे। इन पैनलों को पार्टी के प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा, जहां प्रदेश चुनाव समिति मंथन के बाद अंतिम प्रत्याशी का चयन करेगी। इस प्रक्रिया से साफ है कि टिकट तय करने से पहले भाजपा वार्ड स्तर से मिले फीडबैक और दावेदारों की स्थिति को आधार बनाने की तैयारी में है। 

मदनलाल अग्रवाल को चुनाव की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी

भाजपा ने चुनावी संचालन और मॉनिटरिंग के लिए भी जिम्मेदारी तय कर दी है। मदनलाल अग्रवाल को चुनाव संचालन समिति का संयोजक बनाया गया है। वे चुनाव से संबंधित गतिविधियों की मॉनिटरिंग और संचालन समिति के कामकाज में समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। बैठक में अलग-अलग पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति के तहत कार्य भी सौंपे गए।

टिकट चयन भाजपा के लिए पहली बड़ी परीक्षा

निकाय चुनाव में पार्टी के सामने सबसे पहला महत्वपूर्ण पड़ाव प्रत्याशी चयन का होगा। एक वार्ड से कई दावेदार होने की स्थिति में संगठन को जीत की क्षमता, स्थानीय स्वीकार्यता और पार्टी के प्रति सक्रियता जैसे पहलुओं के बीच संतुलन बनाना होगा। भाजपा पहले ही वार्ड प्रभारी और सह-प्रभारियों के जरिए जमीनी फीडबैक जुटा चुकी है। अब उसी रिपोर्ट और टिकट आवेदनों के आधार पर नामों को शॉर्टलिस्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अंतिम फैसला प्रदेश चुनाव समिति के स्तर पर होगा।

संचालन समिति की बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैनी, जिला उपाध्यक्ष अर्चना कुमावत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष बजरंग लाल सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गजानंद कुमावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आशीष दुसाद, नानूराम सैनी, कालूराम जाट, मुकेश सैनी, मातादीन अग्रवाल, हजारी लाल शर्मा, प्रहलाद टेलर, जितेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमावत, एन.आर. यादव, महावीर सिंह, रूपकिशोर शर्मा, सुमन सैनी, वंदना दीक्षित, नेमीचंद बुनकर, महेश मीणा, अरविंद राव, सत्यनारायण पारीक, राजेंद्र पाटनी, अभिषेक सौरेला, राहुल बिवाल, मुकेश जिंदल और मनीष बजाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। चुनाव मीडिया प्रभारी हिमांशु कुमावत ने बैठक की जानकारी दी। वार्डों की रिपोर्ट आने और संचालन समिति में जिम्मेदारियां तय होने के बाद अब चौमूं भाजपा की चुनावी कवायद का अगला बड़ा चरण प्रत्याशियों के पैनल और टिकटों पर अंतिम मुहर का होगा।