जयपुर के आमेर में निर्माणाधीन दीवार गिरी, 3 श्रमिकों की मौत, कई घायल

जयपुर के चंदवाजी स्थित निर्माणाधीन अरावली पैलेस रिसॉर्ट में दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दो महिला मजदूरों समेत 3 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जयपुर के आमेर में निर्माणाधीन दीवार गिरी, 3 श्रमिकों की मौत, कई घायल

राजधानी जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र के चंदवाजी स्थित ताला मोड़ पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जयपुर-दिल्ली हाईवे के पास स्थित निर्माणाधीन अरावली पैलेस रिसॉर्ट में सीवरेज/नाले की खुदाई के दौरान निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कई मजदूर मौके पर काम कर रहे थे, जो मलबे के नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे श्रमिकों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं सहित तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल अधिकांश मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि खुदाई के दौरान निर्माणाधीन दीवार की नींव कमजोर होने से वह अचानक ढह गई। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।