इनकम टैक्स रेड का डर दिखाकर 90 लाख ठगे

Jaipur के मुरलीपुरा में इनकम टैक्स रेड का डर दिखाकर 90 लाख की ठगी। बाबूलाल गिरफ्तार, 77.5 लाख रुपये बरामद।

जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में इनकम टैक्स की रेड का झांसा देकर एक ब्रोकर ने 90 लाख रुपये की बड़ी ठगी की। पीड़ित को डरा-धमकाकर पैसे एक पुराने खराब फ्रिज में रखवाए और फिर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी ब्रोकर को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने अब तक 77 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।मामला मुरलीपुरा थाने का है। पीड़ित मनोज शर्मा ने 17 मार्च 2026 को शिव नगर मुरलीपुरा स्कीम में स्थित अपना प्लॉट बेचा था। रजिस्ट्री के बाद उन्हें 90 लाख रुपये नकद मिले थे।ठगी की साजिश इस तरह रची गई डील के अगले दिन सुबह आरोपी बाबूलाल वर्मा पीड़ित के घर पहुंचा। उसने इनकम टैक्स विभाग की रेड पड़ने का डर दिखाया और कहा कि इतनी बड़ी नकद राशि घर पर रखना खतरनाक है, इसे तुरंत सुरक्षित जगह शिफ्ट करना होगा।घबराए हुए पीड़ित को आरोपी अपने साथ एक ताला बंद मकान पर ले गया। दीवार फांदकर अंदर घुसा और दूसरी मंजिल पर ले जाकर एक पुराने खराब फ्रिज में 90 लाख रुपये भरे बैग रखवा दिए। आरोपी ने पीड़ित से कहा, “अभी घर जाकर आराम से खाना खाओ, बाद में आकर पैसे ले जाना।”जब पीड़ित कुछ देर बाद वापस गया तो फ्रिज में रखा बैग गायब था।

पीड़ित ने 3 अप्रैल को मुरलीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित के घर से लेकर उस मकान तक का पूरा रूट CCTV फुटेज से खंगाला। 100 से ज्यादा CCTV फुटेज देखने के बाद आरोपी बाबूलाल वर्मा की पहचान हुई।और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि डील के दौरान मौजूद रोहित वर्मा (24) ने ही बाबूलाल को पूरी जानकारी दी थी — पैसे की रकम, बैग का हुलिया और रखने की जगह। दोनों ने मिलकर साजिश रची। पुलिस ने रोहित वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।और कुल 77 लाख 50 हजार रुपये रिकवर हो चुके हैं