जयपुर में ट्रैफिक डायवर्जन: मानसरोवर-आमेर में 26 मार्च तक बदला रहेगा यातायात, कई रास्तों पर रोक
जयपुर में शिव महापुराण कथा और आमेर शिला माता मेले के चलते 20 से 26 मार्च तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। कई मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी और वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो बड़े धार्मिक आयोजनों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मानसरोवर में आयोजित शिव महापुराण कथा और आमेर स्थित शिला माता मंदिर मेले को देखते हुए 20 से 26 मार्च तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
मानसरोवर क्षेत्र में वीटी रोड स्थित मेला ग्राउंड में शिव महापुराण कथा के आयोजन के कारण आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए शिप्रापथ, वीटी रोड और मध्यम मार्ग पर यातायात को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने इन मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। दुर्गापुरा, सांगानेर और अन्य इलाकों से आने वाले वाहनों को न्यू सांगानेर रोड और अन्य लिंक रोड्स की ओर डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही रिद्धि-सिद्धि चौराहा और गोपालपुरा बायपास जैसे मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि मुख्य मार्गों पर भीड़ कम हो सके।
वहीं आमेर में नवरात्र के दौरान लगने वाले शिला माता मेले को देखते हुए भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जयपुर से आमेर होते हुए दिल्ली रोड जाने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर रामगढ़ मोड़ से डायवर्ट कर धोबीघाट, बंध की घाटी और सडवा मोड़ के रास्ते निकाला जाएगा। इसी तरह आमेर से जयपुर आने वाले ट्रैफिक के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
बसों और मिनी बसों के लिए भी अलग रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें।
प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य शहर में ट्रैफिक सुचारू बनाए रखना और बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें।
Ayush Pareek 
