पाक बॉर्डर के पास नई रेलवे लाइनों का सर्वे तेज, बाड़मेर समेत 4 जिलों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में नई रेलवे लाइनों का सर्वे तेज कर दिया गया है। बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में कनेक्टिविटी और सुरक्षा मजबूत होगी।

पाक बॉर्डर के पास नई रेलवे लाइनों का सर्वे तेज, बाड़मेर समेत 4 जिलों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

बाड़मेर : राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए नई रेल लाइनों का सर्वे तेज कर दिया गया है। बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती जिलों में रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार इन इलाकों में नई रेल लाइनों के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) तेजी से किया जा रहा है। खास तौर पर अनूपगढ़-खाजूवाला-जैसलमेर और जैसलमेर-बाड़मेर-बाड़मेर से आगे के क्षेत्रों को जोड़ने वाली लाइनों पर फोकस किया गया है।

इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ यातायात सुविधा बढ़ाना ही नहीं, बल्कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करना भी है। रेलवे लाइनें बॉर्डर के समानांतर विकसित की जाएंगी, जिससे सेना और सुरक्षा एजेंसियों को तेज लॉजिस्टिक सपोर्ट मिल सकेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे रेलवे मंत्रालय को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इन प्रोजेक्ट्स पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे सीमावर्ती इलाकों में विकास को भी गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।

इन नई रेल लाइनों से बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों को गुजरात समेत अन्य राज्यों से भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है। साथ ही पचपदरा रिफाइनरी और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं को भी इससे बड़ा फायदा होने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम है। इससे न केवल सीमावर्ती इलाकों में विकास होगा, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।