PM मोदी पर टिप्पणी करने वाली नाबालिग की मां बोलीं- 'प्रधानमंत्री ने बेटी को नया जीवन दिया', सोशल मीडिया पर भी उठाई बड़ी मांग
PM Modi Viral Video Case: वायरल वीडियो में नजर आई नाबालिग लड़की की मां ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। कहा- माफ करने के फैसले ने बेटी को नया जीवन दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वायरल वीडियो में नजर आई नाबालिग लड़की की मां ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के माफ करने के फैसले ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है।
उन्होंने कहा कि वह हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करती हैं, क्योंकि उन्होंने बदले की भावना रखने के बजाय क्षमा का मार्ग चुना। मां के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने एक ऐसे बच्चे को माफ करके अपनी उदारता दिखाई, जिसने उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था।
'बेटी को नया जीवन मिला'
लड़की की मां ने कहा कि आज प्रधानमंत्री का जन्मदिन है और इस अवसर पर उनकी बेटी को सबसे बड़ा उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि यह उनकी बेटी के लिए किसी नए जन्म से कम नहीं है।
उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के इस फैसले ने उनकी बेटी का भविष्य बचा लिया और वह इस उपकार को जीवनभर नहीं भूलेंगी।
प्रधानमंत्री से बेटी को गोद लेने की अपील
बातचीत के दौरान लड़की की मां भावुक हो गईं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बेटी को गोद लेने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह उनकी बेटी को माफ किया, उससे उनका पूरा परिवार भावुक है। उनका कहना था कि इस फैसले ने उनकी बेटी को नई शुरुआत का अवसर दिया है।
बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर जताई चिंता
लड़की की मां ने बच्चों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया के माध्यम से आसानी से गलत संगत और गलत विचारों के प्रभाव में आ सकते हैं।
उन्होंने मांग की कि बच्चों की सुरक्षा के लिए इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़े नियम बनाए जाएं। उनका कहना था कि ऐसे प्लेटफॉर्म बच्चों को गलत दिशा में ले जा सकते हैं और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए

