CM भजनलाल शर्मा ने 30 महीने में पूरा किया वादा, शेखावाटी को मिली यमुना जल की सौगात- देखें वीडियो

राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल समझौते पर एमओयू साइन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी को यमुना जल उपलब्ध कराने के वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी क्षेत्र को यमुना जल उपलब्ध कराने का अपना वादा महज 30 महीनों में पूरा कर दिखाया। करीब तीन दशकों से लंबित यह मुद्दा अब ऐतिहासिक समझौते के साथ सुलझ गया है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना जल को लेकर महत्वपूर्ण एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर हुए।

इस समझौते के तहत वर्ष 1994 के अपर यमुना रिवर बोर्ड समझौते के अनुसार राजस्थान को यमुना का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही रेणुका, किशाऊ और लखवार बांध परियोजनाओं को भी नई गति मिलेगी, जिससे प्रदेश के जल संसाधनों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में हुआ यह समझौता जल प्रबंधन, अंतर्राज्यीय सहयोग और जल-सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे शेखावाटी सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में पेयजल और विकास से जुड़ी संभावनाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।