MBBS छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, 17 पन्नों के सुसाइड नोट में 5 साथियों पर प्रताड़ना का आरोप
जैसलमेर के MBBS छात्र ने गुजरात के राजकोट में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को 17 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें 5 सहपाठियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
गुजरात के Rajkot से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राजस्थान के Jaisalmer जिले के फलसूंड गांव निवासी एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र रतन कुमार मेघवाल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि यह घटना 14 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जामनगर रोड स्थित घन्टेश्वर इलाके के पास हुई।
17 पन्नों का सुसाइड नोट मिला
घटना के बाद पुलिस को मौके से छात्र का बैग मिला, जिसमें 17 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस नोट में रतन ने अपने ही साथ पढ़ने वाले पांच सहपाठियों पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला मित्र को लेकर शुरू हुआ विवाद
सुसाइड नोट के अनुसार जनवरी 2026 में एक महिला मित्र को लेकर हुए विवाद के बाद से कुछ सहपाठी उसे लगातार परेशान कर रहे थे। रतन ने लिखा कि आरोपी छात्र उसके साथ मारपीट करते थे और लगातार मानसिक दबाव बनाते थे, जिससे वह काफी परेशान हो गया था।
पिता की शिकायत पर 5 छात्रों के खिलाफ केस
सुसाइड नोट सामने आने के बाद रतन के पिता मोहनलाल मेघवाल ने Gandhigram Police Station में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इन छात्रों को ठहराया जिम्मेदार
सुसाइड नोट में रतन ने अपनी मौत के लिए प्रणव पालीवाल, अस्मित शर्मा, युवराज चौधरी, निर्विघ्नम यादव और आयुष यादव को जिम्मेदार बताया है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से मामले की विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रतन इससे पहले दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। उस समय उसकी काउंसिलिंग भी कराई गई थी। वहीं परिजनों का कहना है कि अगर पहले ही कड़ी कार्रवाई की जाती तो शायद रतन की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Saloni Kushwaha 
