Rajasthan High Speed Trial Track: राजस्थान में बन रहा देश का पहला हाईस्पीड ट्रायल ट्रैक, 230 KM की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

राजस्थान के नागौर में सांभर झील के किनारे बन रहे देश के पहले हाईस्पीड ट्रायल ट्रैक का निरीक्षण हुआ। 820 करोड़ की लागत से बने 63.56 किमी ट्रैक पर 230 किमी/घंटे तक ट्रेनों का परीक्षण होगा।

Rajasthan High Speed Trial Track: राजस्थान में बन रहा देश का पहला हाईस्पीड ट्रायल ट्रैक, 230 KM की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

राजस्थान के नागौर जिले में सांभर झील के किनारे बन रहे देश के पहले हाईस्पीड ट्रायल ट्रैक का उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण वाहन से गुढ़ासाल्ट से ठठाना मीठड़ी तक ट्रैक का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ तकनीकी तैयारियों की जानकारी ली।

करीब 820 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस ट्रायल ट्रैक की लंबाई 63.56 किलोमीटर है। यहां ट्रेनों को अधिकतम 230 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर उनकी क्षमता, स्थिरता और सुरक्षा का परीक्षण किया जाएगा।

आधुनिक तकनीकों की भी होगी जांच

ट्रायल ट्रैक पर केवल ट्रेनों की स्पीड ही नहीं, बल्कि सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रैक संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक रेलवे तकनीकों की भी जांच की जाएगी। अलग-अलग परीक्षण क्षेत्रों के अलावा ट्रैक पर कर्व और अन्य विशेष टेस्टिंग सेक्शन भी विकसित किए जा रहे हैं।

दिसंबर तक शुरू हो सकता है ट्रायल

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक परियोजना का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है और बाकी तकनीकी काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में दिसंबर 2026 तक ट्रायल गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों को बचे हुए काम को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।

यह ट्रायल ट्रैक नई और हाईस्पीड ट्रेनों के परीक्षण के साथ भारतीय रेलवे की आधुनिक तकनीकों को परखने के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।