8 दिन से छात्रनेता शुभम का अनशन जारी, पुलिस ने उठाया; छात्रों ने किया जोरदार विरोध

राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाली और राजस्थानी भाषा विभाग की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे छात्र नेता शुभम रेवाड़ को स्वास्थ्य बिगड़ने पर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानिए पूरा मामला।

8 दिन से छात्रनेता शुभम का अनशन जारी, पुलिस ने उठाया; छात्रों ने किया जोरदार विरोध

जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाली और राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से आमरण अनशन कर रहे छात्र नेता शुभम रेवाड़ को गुरुवार सुबह पुलिस और प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती करा दिया। स्वास्थ्य बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस उन्हें विश्वविद्यालय परिसर से सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल लेकर गई। इस कार्रवाई के दौरान कैंपस में छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

स्वास्थ्य बिगड़ने पर प्रशासन ने लिया फैसला

गुरुवार सुबह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम राजस्थान विश्वविद्यालय पहुंची। अधिकारियों ने शुभम रेवाड़ की लगातार गिरती स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल ले जाने की बात कही। समर्थकों के विरोध के बावजूद पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस के जरिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती किया गया है।

अस्पताल में भी जारी रहेगा अनशन

अस्पताल पहुंचने के बाद शुभम रेवाड़ ने साफ कहा कि उनका आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी दोनों मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक वे अस्पताल में भी अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।

शुभम रेवाड़ का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर निर्णय लेने के बजाय आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत हित की नहीं, बल्कि प्रदेश के विद्यार्थियों और राजस्थानी भाषा के सम्मान की है।

छात्रों का विरोध, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

पुलिस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार बातचीत के बजाय आंदोलन को खत्म करने का प्रयास कर रही है। छात्र नेताओं ने कहा कि शुभम रेवाड़ को अस्पताल ले जाने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा और उनकी मांगों को लेकर सत्याग्रह पहले की तरह जारी रहेगा।

प्रशासन का क्या कहना है?

प्रशासन का कहना है कि शुभम रेवाड़ की स्वास्थ्य स्थिति लगातार कमजोर हो रही थी। किसी भी अप्रिय घटना से बचने और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।

क्या हैं शुभम रेवाड़ की प्रमुख मांगें?

राजस्थान विश्वविद्यालय में अलग से राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना की जाए और विद्यार्थियों को कम शुल्क पर मातृभाषा में उच्च शिक्षा का अवसर मिले।

प्रदेश के सभी सरकारी और निजी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में पिछले चार वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनावों को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए।