Rajasthan RPS Transfer: चुनाव से पहले राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल, 123 RPS अफसरों के तबादले; 48 ट्रेनी RPS को भी पोस्टिंग
Rajasthan RPS Transfer: राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से पहले 123 RPS अधिकारियों के तबादले किए गए। 48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को भी पहली पोस्टिंग मिली।
Rajasthan RPS Transfer: राजस्थान में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों से पहले प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। मंगलवार देर रात राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 123 अधिकारियों के तबादले किए गए। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के आदेश के बाद जारी तबादला सूची में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इसके साथ ही 48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में पहली पोस्टिंग दी गई है। इससे पहले मंगलवार शाम राजस्थान सरकार ने 183 RAS अधिकारियों का भी तबादला किया था।
चुनाव से पहले क्यों हो रहे अधिकारियों के तबादले?
राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों और अपने गृह जिले में पदस्थ अफसरों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे।
माना जा रहा है कि इन निर्देशों के तहत हो रहे प्रशासनिक बदलाव का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना है। पुलिस विभाग में हुए ताजा फेरबदल को भी इसी कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
जयपुर कमिश्नरेट में 12 अधिकारियों के बदले पद
ताजा RPS तबादला सूची में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के 12 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। नई जिम्मेदारियों के तहत कई अधिकारियों को अलग-अलग ACP पदों पर तैनात किया गया है।
नई पोस्टिंग के अनुसार नरेन्द्र कुमार को ACP पुलिस कंट्रोल रूम, हेमराज को ACP साइबर क्राइम, जेठू सिंह को ACP सोडाला और दिलीप कुमार मीणा को ACP शास्त्री नगर की जिम्मेदारी दी गई है।






वहीं संग्राम सिंह को ACP साइबर क्राइम, जितेन्द्र सिंह को ACP आदर्श नगर, कृष्णराज जांगिड़ को ACP चौमूं और नरेन्द्र कुमार को ACP महिला सेल लगाया गया है।
इसके अलावा डॉ. पूनम को ACP अशोक नगर, शिवदयाल बलाई को ACP मालवीय नगर, दीपक कुमार खंडेलवाल को ACP सांगानेर और धर्मेन्द्र कुमार शर्मा को ACP बगरू नियुक्त किया गया है।
10 पुलिस अधिकारियों के तबादले रद्द
तबादला सूची में कुछ अधिकारियों के पुराने तबादले भी निरस्त किए गए हैं। इनमें अनिल जसोरिया, अब्दुल रहमान, हजारी लाल खटाना, विजय कुमार आर्य, सुरेंद्र कुमार, मनीष कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार दायमा, बृजेश कुमार जाटव और रमेश कुमार पारीक समेत अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को मिली पहली पोस्टिंग
राजस्थान पुलिस सेवा के 48 ट्रेनी अधिकारियों को भी प्रशिक्षण के बाद विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में पोस्टिंग दी गई है। इन अधिकारियों की नियुक्ति से अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त मानव संसाधन मिलेगा।
इन पोस्टिंग के आदेश अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से जारी किए गए हैं।
जयपुर में ट्रेनी RPS को भी मिली जिम्मेदारी
ट्रेनी RPS अधिकारियों की पोस्टिंग में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट को भी शामिल किया गया है। ओमप्रकाश गोदारा को ACP कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं नेहा राव को ACP ट्रैफिक साउथ (सेकेंड) और कमल कुमार को ACP ट्रैफिक नॉर्थ नियुक्त किया गया है।
RAS के बाद RPS ट्रांसफर से बढ़ी चुनावी हलचल
राजस्थान में चुनावों से पहले एक के बाद एक प्रशासनिक तबादले हो रहे हैं। मंगलवार को ही सरकार ने 183 RAS अधिकारियों के तबादले किए थे और अब RPS अधिकारियों की बड़ी सूची जारी की गई है।
इन बदलावों के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चुनावी तैयारियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी तबादलों की सूचियां जारी होने की संभावना पर नजर बनी हुई है।

