राजस्थान में सर्दी के तीखे तेवर, फतेहपुर में पारा 2.4 डिग्री तक लुढ़का; चूरू में 4.1°C
राजस्थान में नवंबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सीकर के फतेहपुर में 24 नवंबर को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चूरू में पारा 4.1 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तरी राजस्थान में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है।
अगले 48 घंटे में और गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में रात का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और नीचे जा सकता है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
एक सप्ताह तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल बारिश, आंधी, मेघगर्जन या ओलावृष्टि को लेकर किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का राजस्थान पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।
दिन में धूप, रात में बढ़ेगी ठिठुरन
प्रदेश में फिलहाल दिन और रात के मौसम में अंतर साफ नजर आ रहा है। दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से गिर रहा है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा समेत कई शहरों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं सीकर, चूरू और आसपास के इलाकों में सुबह की ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय सर्दी का असर और बढ़ सकता है।

