अंबाला ब्लास्ट साजिश में अजमेर कनेक्शन, आरोपी अली अकबर की तलाश में जांच एजेंसियां

Ambala में ब्लास्ट की साजिश के मामले में Ajmer कनेक्शन सामने आया है। जांच में आरोपी Ali Akbar का नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की जांच कर रही हैं।

अंबाला ब्लास्ट साजिश में अजमेर कनेक्शन, आरोपी अली अकबर की तलाश में जांच एजेंसियां

हरियाणा के अंबाला में ब्लास्ट की साजिश का बड़ा खुलासा होने के बाद जांच एजेंसियां राजस्थान तक पहुंच गई हैं। इस मामले में अजमेर से जुड़े आरोपी अली अकबर का नाम सामने आया है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की जांच में जुटी हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंबाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को करीब 2 किलो आईईडी/विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों को बाद में कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने राजस्थान के हनुमानगढ़ समेत कई जगहों पर सीरियल ब्लास्ट की साजिश रची थी। यदि समय रहते उन्हें नहीं पकड़ा जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। बताया जा रहा है कि इस साजिश में शामिल एक आरोपी अली अकबर अजमेर का रहने वाला है, जो पेशे से ऑटो चालक बताया जा रहा है। वह पिछले कुछ वर्षों से अजमेर में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता था।

सूत्रों के अनुसार इस साजिश के पीछे विदेशी कनेक्शन होने की भी आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपियों को विस्फोटक सामग्री कहां से मिली और उनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। 

मामले के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें अजमेर के कई इलाकों में जांच कर रही हैं। आरोपी के घर और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।