जयपुर में गणगौर महोत्सव होगा भव्य, शाही सवारी का दुनिया भर में लाइव प्रसारण
Jaipur में गणगौर महोत्सव 2026 इस बार भव्य रूप में मनाया जाएगा। Rajasthan Tourism Department द्वारा 21-22 मार्च को शाही सवारी निकलेगी, जिसका लाइव प्रसारण देश-विदेश में किया जाएगा।
राजस्थान की राजधानी Jaipur में इस बार गणगौर महोत्सव भव्यता और नए प्रयोगों के साथ आयोजित किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और इस बार आयोजन को वैश्विक स्तर पर जोड़ने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दुनिया भर में होगा लाइव प्रसारण
इस बार गणगौर की शाही सवारी का सीधा प्रसारण विदेशों में बसे भारतीयों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है, वहीं विभाग के आधिकारिक मंचों पर भी इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा।
21-22 मार्च को निकलेगी शाही सवारी
शाही सवारी 21 और 22 मार्च को शाम 5:45 बजे सिटी पैलेस से रवाना होगी। यह त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ और गंगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा क्षेत्र तक पहुंचेगी।
भव्य लवाजमा बनेगा आकर्षण
इस बार शोभायात्रा को और भव्य बनाने के लिए सजी-धजी पालकियों, ऊंट, घोड़े और हाथियों की संख्या बढ़ाई गई है। पारंपरिक बैंड, रथ और सुसज्जित झांकियां इसकी शोभा बढ़ाएंगी।
लोक कला का रंग
प्रदेशभर से करीब 210 लोक कलाकार विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे। कच्छी घोड़ी, गेर, कालबेलिया, चरी और घूमर जैसे लोकनृत्य इस आयोजन की खास पहचान होंगे। साथ ही शहनाई, रावणहत्था और भपंग जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्र माहौल को सुरमयी बनाएंगे।
परंपरा और संस्कृति का संगम
गणगौर महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व विशेष रूप से महिलाओं की आस्था और शिव-पार्वती के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
इस आयोजन के जरिए न केवल परंपरा को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जोड़ने का मजबूत माध्यम तैयार किया गया है।
Saloni Kushwaha 
