जयपुर में लिफ्ट हादसा: दूसरी मंजिल से बेसमेंट में गिरी, एक ही परिवार के 8 लोग घायल
जयपुर के जगतपुरा में लिफ्ट टूटकर बेसमेंट में गिरने से एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए। रामनगरिया पुलिस स्टेशन में सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज।
राजधानी जयपुर के जगतपुरा इलाके में एक आवासीय सोसायटी में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक लिफ्ट अचानक टूटकर दूसरी मंजिल से सीधे बेसमेंट में जा गिरी, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए।
ऐसे हुआ हादसा
यह घटना जगतपुरा स्थित “दी महिमा पनोरमा रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी” के एल-ब्लॉक की है। जानकारी के अनुसार मिथलेश मीणा अपने परिवार के साथ रात करीब 9:30 बजे लिफ्ट से नीचे जा रहे थे।
- लिफ्ट दूसरी मंजिल पर पहुंचकर अचानक अटक गई
- इमरजेंसी बटन दबाने पर मेंटेनेंस स्टाफ पहुंचा
- कुछ ही देर बाद लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे बेसमेंट में गिर गई इस दौरान लिफ्ट में 5 बड़े और 3 बच्चे सवार थे, जो हादसे से दहशत में आ गए।
एक का पैर टूटा, बाकी घायल
हादसे में मिथलेश मीणा का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आईं। सभी को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि सोसायटी में लिफ्ट के रखरखाव को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार पदाधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। चार महीने बाद पीड़ित ने रामनगरिया पुलिस स्टेशन में सोसायटी के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे लापरवाही और मेंटेनेंस की कमी को मुख्य वजह माना जा रहा है।
Saloni Kushwaha 
