बकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा का मकान रातों-रात ढहा, प्रशासन ने कार्रवाई से किया इनकार

Bikaner News: बीकानेर के लूणकरणसर में गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़े बताए जा रहे मकान के रातों-रात ध्वस्त होने से सनसनी फैल गई। प्रशासन ने कार्रवाई से इनकार किया, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

बकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा का मकान रातों-रात ढहा, प्रशासन ने कार्रवाई से किया इनकार

बीकानेर जिले के लूणकरणसर कस्बे में सोमवार देर रात हुई एक घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। गैंगस्टर रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी से जुड़े बताए जा रहे मकान के रातों-रात पूरी तरह ध्वस्त होने की खबर सामने आई। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने मकान को मलबे में तब्दील देखा तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक मकान गिरने की सूचना मिली, लेकिन यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मकान किसने और किन परिस्थितियों में गिराया। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि किसी भी संभावना की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच प्रशासन ने साफ किया है कि मकान को गिराने की किसी भी कार्रवाई में उसकी कोई भूमिका नहीं रही। प्रशासन के इस बयान के बाद मामले ने और भी रहस्य का रूप ले लिया है। अब पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मकान के ध्वस्त होने के पीछे असली वजह क्या थी और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। फिलहाल लूणकरणसर की यह घटना पूरे बीकानेर जिले में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।